स्वामी रामदेव को क्लीन चिट
Nov 17, 12:12 am
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने विख्यात योग गुरु स्वामी रामदेव को शर्तिया पुत्र प्राप्ति की दवा के मामले में भी क्लीन चिट दे दी है। इससे पूर्व उन्हें अपनी फार्मेसी की औषधियों में मानव अंग मिलाने के आरोप से दोषमुक्त किया गया था।
प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के अनुसार योग गुरु स्वामी रामदेव शर्तिया पुत्र प्राप्ति की आयुर्वेदिक औषधि बनाने एवं विज्ञापन के जरिए इस औषधि का प्रचार करने के मामले में भी निर्दोष पाए गए हैं, इसलिए उनके या उनकी दिव्य आयुर्वेदिक फार्मेसी के खिलाफ प्रसव पूर्व लिंग परीक्षण निषेध अधिनियम के तहत कोई मामला नहीं बनता है।
निशंक ने बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को स्वामी रामदेव के खिलाफ जो शिकायत जांच के लिए भेजी थी, वह जांच के बाद फर्जी पाई गई। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा संदर्भित इस शिकायत की हरिद्वार के मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जांच कराई गई। शिकायत के साथ दवाओं की जो सूची दी गई थी, उसमें भी हेराफेरी पाई गई। इसके बाद स्टोर एवं कार्यशाला का भी निरीक्षण किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इसकी जांच रिपोर्ट भारत सरकार को भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भारत सरकार द्वारा रामदेव की फार्मेसी के खिलाफ मानव अंगों की मिलावट की जो शिकायत संदर्भित की गई थी, वह भी गलत पाई गई थी।
No comments:
Post a Comment